झारखंड के गोड्डा में 17 वर्षीय लड़की के साथ 10 लोगों ने किया दुष्कर्म, अबतक आठ आरोपी गिरफ्तार

गोड्डा. झारखंड के गोड्डा जिले में शौच के लिए घर से बाहर गयी 17 वर्षीय आदिवासी लड़की के साथ 10 लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. उसने बताया कि शुक्रवार को सुंदर पहाड़ी थानाक्षेत्र में यह वारदात हुई जिसके सिलसिले में अबतक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

लड़की के बयान के हवाले से पुलिस का कहना है कि यह घटना उस समय हुई जब वह अपने रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने गई थी. वह शौच के लिए घर से बाहर निकली थी, तभी एक व्यक्ति ने उसे पकड़ लिया, उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया और उसे एक सुनसान जगह पर ले गया. पुलिस के मुताबिक लड़की के साथ कथित रूप से 10 लोगों ने बलात्कार किया.

पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया कि मामले को दबाने के लिए शनिवार को स्थानीय पंचायत बुलायी गयी थी. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा, ”पीड़िता के परिवार ने रविवार को 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई. आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है.” उन्होंने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *