रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनीलिवर में बिकवाली से सेंसेक्स 201 अंक टूटा, निफ्टी भी फिसला

मुंबई. स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 200 अंक से अधिक के नुकसान में रहा. वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एक्सिस बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में बिकवाली से बाजार में गिरावट आई.
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 200.66 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ

81,508.46 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान, यह ऊंचे में 81,783.28 अंक तक गया और नीचे में 81,411.55 अंक तक आया.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 58.80 अंक यानी 0.24 प्रतिशत फिसलकर 24,619 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स के तीस शेयरों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा मोटर्स, एक्सिस बैंक, नेस्ले इंडिया, एशियन पेंट्स, आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक और भारतीय स्टेट बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहे. दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचडीएफसी बैंक, अदाणी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल और पावरग्रिड शामिल हैं.

मेहता इक्विटीज लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, ”पिछले हफ्ते की तेजी के बाद निवेशकों के उत्साह में कमी के कारण बाजार में एक सीमित दायरे में कारोबार हुआ और यह नीचे आया.” छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.46 प्रतिशत चढ़ा, जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित बीएसई मिडकैप 0.32 प्रतिशत के लाभ में रहा.

जियोजीत फाइनेंशियल र्सिवसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ”पश्चिम एशिया में तनाव के बीच कच्चे तेल के दाम में तेजी आई. इसके अलावा, इस सप्ताह भारत और अमेरिका में खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े आने हैं तथा यूरोपीय केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति पर बैठक होनी है. इससे निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया….” एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में जबकि जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे.

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा. अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त में रहे थे. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.89 प्रतिशत बढ़कर 71.75 डॉलर प्रति बैरल रहा. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक शुक्रवार को शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने 1,830.31 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *