झारखंड : सरकारी स्कूल की प्रधानाध्यापिका को शिक्षक ने कक्षा के अंदर गोली मारी

देवघर. झारखंड के देवघर जिले में बृहस्पतिवार को एक सरकारी स्कूल की प्रधानाध्यापिका को एक शिक्षक ने कक्षा के अंदर छात्रों के सामने गोली मार दी. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना मोहनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक उन्नत माध्यमिक विद्यालय में हुई. देवघर के पुलिस अधीक्षक अंबर लाकड़ा ने बताया कि चांदनी कुमारी के हाथ में गोली लगी है.

चिकित्सकों ने बताया कि देवघर सदर अस्पताल में पीड़िता का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है. एसपी ने बताया कि आरोपी सहायक शिक्षक शैलेश यादव घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे पास के जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया है. पीड़िता के अनुसार, यह घटना उस समय घटी जब वह कक्षा में पढ़ा रही थीं. उन्होंने कहा, ”यादव बंदूक लेकर कक्षा में घुसा और उन पर गोली चला दी.” पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उनके बीच कुछ विवाद था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *