अहमदाबाद में अवैध तरीके से रह रहीं 17 बांग्लोदशी महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

अहमदाबाद. अहमदाबाद के सोला इलाके के विभिन्न हिस्सों में अपनी असली पहचान छिपाकर अवैध रूप से रहने के आरोप में 17 बांग्लादेशी महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. यहां एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) ‘बी’ डिवीजन – एचएम कंसागरा ने कहा कि इन महिलाओं ने घरेलू काम या मजदूरों के रूप में काम करके अपना भरण पोषण करने का दावा किया लेकिन उनके देह व्यापार रैकेट में शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि एजेंट की मदद से ये बांग्लादेशी नागरिक सीमा पार कर यहां आईं और सोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न इलाकों में किराए के मकानों में रहने लगीं. कंसागरा ने कहा, ”विशेष सूचना के आधार पर सोला पुलिस ने चार से पांच ठिकानों पर छापेमारी की और किराए के मकानों में अवैध रूप से रह रहीं 17 बांग्लादेशी महिलाओं को हिरासत में लिया. हमें उनके दस्तावेज. और पहचान पत्र मिले जिनसे उनकी नागरिकता साबित हुई. ये महिलाएं 21 से 49 वर्ष की आयु वर्ग की हैं और बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों से ताल्लुक रखती हैं.” एसीपी ने बताया कि कुछ महिलाएं दो सप्ताह पहले पड़ोसी देश से अहमदाबाद पहुंची थीं जबकि अन्य पिछले चार साल से गुजरात के वाणिज्यिक केंद्र शहर में रह रही थीं.

कंसागरा ने बताया कि हिरासत में लिए जाने के बाद सभी महिलाओं को पुलिस और अन्य एजेंसियों द्वारा जांच के लिए शहर के संयुक्त पूछताछ केंद्र भेज दिया गया. एसीपी ने कहा कि अगर ये महिलाएं किसी भी राष्ट्र-विरोधी गतिविधि में संलिप्त पाई गईं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी लेकिन अगर वे किसी ऐसी गतिविधियों में नहीं पाई गई तो उन्हें उनके मूल देश भेज दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *