नीतीश कुमार का प्रहार: 2005 से पहले बिहार में था अंधेरा, अब ‘सुशासन का मॉडल’

राजगीर. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोला और अपने शासनकाल की उपलब्धियों का विस्तृत ब्योरा दिया. उन्होंने दावा किया कि 2005 से पहले बिहार ‘अंधकार’ में था और विकास का कोई नामोनिशान नहीं था. मुख्यमंत्री ने कहा, ”जब हमारी सरकार बनी तो सड़कों से लेकर स्कूलों तक, बिजली से लेकर रोजगार तक, हर क्षेत्र में नई रोशनी आई. आज हर गांव में बिजली है, हर घर में नल से जल पहुंच रहा है और बेटियां रात में भी सुरक्षित घर लौटती हैं. यह सब सुशासन के मॉडल की देन है.” जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने नालंदा जिले के राजगीर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजगीर के वर्तमान विधायक कौशल किशोर को दोबारा विजयी बनाने की अपील की.

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-जदयू गठबंधन बिहार को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर काम कर रहा है और नालंदा समेत पूरे प्रदेश में विकास का जो सिलसिला शुरू हुआ है, उसे आगे ले जाने के लिए मजबूत सरकार जरूरी है. मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की कई लोककल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हर परिवार को 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने, पेंशन में वृद्धि और घर-घर की छत पर ‘सोलर प्लेट’ लगाने जैसी योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है.

उन्होंने कहा, ”हमने किसानों, महिलाओं और विद्यार्थियों– हर वर्ग के हित में नीतियां बनाईं. हमारा संकल्प है सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास.” विपक्ष पर निशाना साधते हुये नीतीश कुमार ने कहा कि पहले के शासन में ”भय और भ्रष्टाचार का माहौल था” और शाम ढलने के बाद लोग घरों से निकलने से घबराते थे. उन्होंने दावा किया कि आज बिहार सुरक्षित है, अपराध पर नियंत्रण है और बेटियों के चेहरे पर आत्मविश्वास नजर आता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *