ओडिशा को पीएम मोदी ने दी करोड़ों की सौगात, झारसुगुड़ा में कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन

भुवनेश्वर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के झारसुगुड़ा पहुंचे हैं। जहां उन्होंने कई क्षेत्रों में 60,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। इनमें दूरसंचार, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और ग्रामीण आवास जैसे कई क्षेत्रों की परियोजनाएं शामिल हैं।

97500 से अधिक मोबाइल 4जी टॉवर्स का उद्घाटन

देश के संचार तंत्र को मजबूत करने के लिए, प्रधानमंत्री ने 97500 से अधिक मोबाइल 4जी टॉवर्स का उद्घाटन किया। इन टॉवर्स का निर्माण लगभग 37000 करोड़ रुपये की लागत से स्वदेशी तकनीक के साथ किया गया है। इसके जरिए दूरदराज, सीमावर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 26,700 से अधिक गांवों में कनेक्टिविटी पहुंचाई जाएगी। प्रधानमंत्री ने आठ आईआईटी के विस्तार के लिए शिलान्यास भी किया, जिससे आने वाले चार वर्षों में 10000 नए छात्रों के लिए क्षमता तैयार होगी। साथ ही, उन्होंने तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को मजबूत करने के लिए ओडिशा सरकार की कई पहलों की शुरुआत भी की।

पीएम ने अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

ओडिशा झारसुगुड़ा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रह्मपुर और उधना (सूरत) के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई, जो राज्यों में किफायती और आरामदायक संपर्क प्रदान करेगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी, रोजगार के अवसर पैदा करेगी और प्रमुख आर्थिक जिलों को जोड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *