FRONT MEDIA
31/5/2025

आकाशवाणी रायपुर से डॉ. चंद्रिका चौधरी की कहानी ‘अंतराल के बाद’ का प्रसारण 2 जून 2025, दिन सोमवार को सुबह 8:30 बजे कथायन कार्यक्रम के अंतर्गत होगा । ‘अंतराल के बाद’ स्त्री जीवन के बंधन और उन बंधनों की जकड़न से टूटती उसकी जिजीविषा की कहानी है । जीने का सहज बोध, थोपी गई दूसरों की इच्छाओं और अपेक्षाओं के सामने नतमस्तक होकर किस तरह मौन हो जाता है ? स्त्री अस्मिता की तलाश की एक बेचैन कोशिश है यह कहानी । कथा नायिका मालती के माध्यम से स्त्री-जीवन को बाँधने वाले कई बंधनों में से एक बंधन की गाँठ दिखाने की कोशिश करती कहानी ‘अंतराल के बाद’ पाठकों से मौन वार्ता करती नज़र आती है ।
गौरतलब हो कि इसके पहले भी डॉ. चंद्रिका चौधरी की कहानी ‘चूड़ीवाला पिता’ और ‘क्षितिज तक जाती नज़रें’ का प्रसारण, प्रसार भारती आकाशवाणी रायपुर द्वारा हो चुका है । वे वर्तमान में स्व. राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय सरायपाली, जिला -महासमुंद छत्तीसगढ़ में हिंदी विषय की सहायक प्राध्यापक हैं । उनकी कविताओं, लघुकथाओं और कहानियों का प्रकाशन निरंतर राष्ट्रीय स्तर की साहित्यिक पत्रिकाओं में होता रहता है ।
