मणिपुर मुद्दे को सुलझाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का दृष्टिकोण व्यावहारिक है: किरेन रीजीजू

नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मणिपुर के लोगों की समस्या का दीर्घकालिक समाधान निकालने के लिए व्यावहारिक दृष्टिकोण रखते हैं। रीजीजू ने ‘इंडिया टुडे कॉन्क्लेव’ में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मणिपुर में जल्द ही शांति आएगी क्योंकि सरकार इस समस्या का समाधान खोजने के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण अपना रही है।

उन्होंने मोदी की मणिपुर यात्रा की विपक्ष की मांग को भी खारिज कर दिया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री को समस्या पता होनी चाहिए और यही अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दौरा करना और बयान देना दूसरी बात है।

उन्होंने कहा कि मोदी एकमात्र प्रधानमंत्री हैं जो यह सुनिश्चित करने के लिए जड़ तक गए हैं कि मणिपुर के लोगों के समक्ष जो समस्या है उसका समाधान हो जाए और हमेशा के लिए उसका हल निकले। उन्होंने कहा कि पहले जब मणिपुर में हजारों लोग मारे गए थे, तब केवल संयुक्त सचिव स्तर का अधिकारी ही राज्य का एक दिवसीय दौरा करता था।

रीजीजू ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह चार दिन तक मणिपुर में रहे और लोगों से शांति की अपील की।
रीजीजू ने कहा कि मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद राज्यपाल ने हथियार डालने की अपील की है।
केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रीजीजू ने कहा, ‘‘ हथियार जमा कराए जा रहे हैं…अच्छी खबर आ रही है।’’

उन्होंने कहा कि बीते दशक में भाजपा पूर्वोत्तर में मजबूत इसलिए हुई है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस क्षेत्र के भविष्य के लिए जो पेशकश की, वह लोगों को पसंद आई। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए रीजीजू ने कहा कि जो 65 साल में नहीं हो सका वह भाजपा ने 10 साल में कर दिखाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *