भाजपा आज की ‘ईस्ट इंडिया कंपनी’, बेलगावी में कांग्रेस के कार्यक्रमों से घबराई: सुरजेवाला

बेलगावी. कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के 100 साल पूरे होने के अवसर पर बेलगावी में होने वाले कार्यक्रमों से बुरी तरह घबरा गई है. उन्होंने यहां कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक से पहले यह दावा भी किया कि भाजपा ”आधुनिक समय की ईस्ट इंडिया कंपनी” है जो गांधीवादी विचारधारा के प्रसार से परेशान हो जाती है. विस्तारित कांग्रेस कार्य समिति की यह बैठक पार्टी के बेलगावी अधिवेशन के 100 साल पूरे होने के मौके पर हो रही है. उस अधिवेशन में महात्मा गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष चुना गया था.

कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी ने कहा, ”भाजपा, जो कि आधुनिक समय की ईस्ट इंडिया कंपनी है, बेलगावी में महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए गए कार्यक्रमों से बुरी तरह घबराई और परेशान है.” सुरजेवाला ने कहा, ”(नाथूराम) गोडसे विचारधारा, जिसने भारतीय संविधान का तिरस्कार किया और छह दशकों से अधिक समय तक तिरंगा नहीं फहराया, को छोटे-मोटे बहाने बनाना बंद कर देना चाहिए.”

उन्होंने दावा किया ”जब गांधी जी जीवित थे तब ‘उन्होंने’ उनका विरोध किया था और हिंसा एवं विभाजनकारी ताकतों द्वारा उनकी हत्या किए जाने के बाद वे उनके विचार को खत्म करना चाहते हैं. लेकिन उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि गांधीजी लाखों लोगों के दिलों में रहते हैं और वे भारत और दुनिया का मार्गदर्शन करते रहेंगे.” कर्नाटक के बेलगावी में 1924 के कांग्रेस अधिवेशन की शताब्दी समारोह मनाने के लिए कांग्रेस द्वारा लगाए गए पोस्टर पर भारत के मानचित्र को कथित रूप से गलत तरीके से प्रर्दिशत करने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. भाजपा ने इसे कांग्रेस की ”वोट बैंक” की राजनीति करार दिया है.

कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने शताब्दी समारोह के जश्न के तहत पूरे बेलगावी शहर में ये पोस्टर लगाए हैं. भाजपा के अनुसार, पोस्टर पर प्रर्दिशत भारत के मानचित्र में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के गिलगित क्षेत्र के साथ-साथ वर्तमान में चीनी प्रशासन के अधीन अक्साई चीन क्षेत्र को भी शामिल नहीं किया गया है, जो जम्मू और कश्मीर के अभिन्न अंग हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *