मुंबई: नौसेना के पोत और पर्यटक नौका की टक्कर के बाद लापता एक यात्री का शव मिला मुंबई, 19 दिसंबर (भाषा) मुंबई तट के निकट नौसेना के एक पोत के नौका से टकराने के बाद लापता हुए दो यात्रियों में से 43 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बृहस्पतिवार को बरामद कर लिया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि शव नौका के पास मिला. इसने बताया कि इस हादसे में मरने वालों की संख्या अब 14 हो गई है.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सात वर्षीय एक बच्चे की तलाश के लिए अभियान जारी है, जो हादसे के एक दिन बाद भी लापता है. लापता यात्रियों की तलाश के लिए बृहस्पतिवार को नौसेना और तटरक्षक बल के एक हेलीकॉप्टर और नौकाओं को तैनात किया गया. अधिकारी ने बताया कि खोज एवं बचाव (एसएआर) अभियान में नौसेना और तटरक्षक बल समेत आठ नौकाएं शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि पोत और नौका पर सवार 113 लोगों में से 14 की मौत हो गई और दो घायलों समेत 98 लोगों को बचा लिया गया.
अधिकारी ने बताया कि नौसेना के पोत पर छह लोग सवार थे, जिनमें से दो बच गए. नौसेना ने बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे मुंबई तट पर करंजा के पास इंजन परीक्षण के दौरान नौसेना के एक पोत ने नियंत्रण खो दिया और वह ‘नीलकमल’ नामक नौका से जा टकराया. यह नौका यात्रियों को गेटवे ऑफ इंडिया से लोकप्रिय पर्यटन स्थल ‘एलीफेंटा’ द्वीप पर लेकर जा रही थी.
पर्यटक नौका ‘नीलकमल’ पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे : पुलिस
मुंबई पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि गेटवे ऑफ इंडिया के पास नौसेना के एक पोत से टक्कर लगने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुई पर्यटक नौका ‘नीलकमल’ की क्षमता 90 यात्रियों की थी, लेकिन उस पर 100 से अधिक लोग सवार थे. बुधवार को हुए इस हादसे में पोत और पर्यटक नौका पर सवार 13 लोगों की जान चली गई और 98 लोगों को बचा लिया गया.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र समुद्री बोर्ड द्वारा पर्यटक नौका के संबंध में जारी दस्तावेजों के अनुसार, इसमें 84 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों को ले जाने की अनुमति थी, लेकिन नौका पर 100 से अधिक लोग सवार थे. उन्होंने बताया कि पुलिस ने नौका से संबंधित सभी दस्तावेज एकत्र कर लिए हैं.
अधिकारी ने बताया कि कोलाबा पुलिस थाने में नौसेना के पोत चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रावधानों के तहत लापरवाही के कारण मौत और दूसरों की सुरक्षा या जीवन को खतरे में डालने वाला कृत्य समेत अन्य धाराएं शामिल हैं. उन्होंने बताया कि समुद्र में टक्कर के समय ‘नीलकमल’ पर दो जर्मन नागरिक और एक कनाडाई नागरिक सवार थे और उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया.
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अब तक नौ लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिन्हें भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल, मुंबई पुलिस और सीआईएसएफ की टीमों ने बचाया था. उन्होंने बताया कि सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है. अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना से प्रभावित नौसेना का पोत भारतीय नौसेना के कब्जे में है और पुलिस जब भी जांच के लिए जरूरत होगी, इसकी मांग करेगी.
नौका त्रासदी के बाद एलीफेंटा द्वीप पर पर्यटकों की संख्या घटी
नौसेना के एक पोत से एक नौका के टकराने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को मुंबई तट के पास के लोकप्रिय पर्यटन केंद्र एलीफेंटा द्वीप पर नौका से जाने वाले पर्यटकों की संख्या में गिरावट देखी गई. दक्षिण मुंबई में ‘गेटवे ऑफ इंडिया’ पर लोग अब भी टिकट के लिए कतार में खड़े देखे गए, लेकिन उनकी संख्या कल की भीड़ से काफी कम थी. कल गेटवे ऑफ इंडिया से ही पर्यटक एलीफेंटा द्वीप देखने के लिए नौका पर सवार हुए थे.
देश के विभिन्न भागों से पर्यटक गेटवे ऑफ इंडिया देखने आते हैं तथा वहां से छोटी यात्रा के लिए नौकाओं पर चढ.ते हैं या अरब सागर में एलीफेंटा द्वीप जैसे आकर्षक स्थलों को देखने जाते हैं. बृहस्पतिवार दोपहर को कुछ पर्यटक, जो एलीफेंटा गुफाओं को देखने के लिए नौका का टिकट लेने हेतु कतार में खड़े थे, उन्हें एक दिन पहले हुई नील कमल नौका दुर्घटना के बारे में पता नहीं था.
