भाजपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए रंजीत मोहिते पाटिल को नोटिस जारी किया

मुंबई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावों के दौरान कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए विधान परिषद के सदस्य रंजीत मोहिते पाटिल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पार्टी ने पाटिल को सात दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है।

भाजपा की महाराष्ट्र इकाई द्वारा सोमवार को जारी पत्र में कहा गया, ‘‘आप भाजपा के प्रतिनिधि के रूप में पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए गए जिससे पार्टी को नुकसान हुआ। आपके खिलाफ अनुशासनहीनता के कई मामले सामने आए हैं।’’

कार्यालय सचिव मुकुंद कुलकर्णी द्वारा हस्ताक्षरित नोटिस में भाजपा ने विधान परिषद सदस्य पर चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य केंद्रीय मंत्रियों के नेतृत्व वाले प्रचार अभियानों में शामिल न होने का आरोप लगाया है।

इसमें आगे दावा किया गया है कि रंजीत मोहिते पाटिल ने अपने सहयोगियों और परिवार के सदस्यों को भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ काम करने का निर्देश दिया था, पार्टी कार्यकर्ताओं को धमकाया और पुलिस एजेंटों की मदद से उन पर दबाव बनाया था।

पार्टी ने उन पर लोकसभा चुनाव के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (सपा) के उम्मीदवारों का सक्रिय रूप से समर्थन करने और भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ प्रचार करने का भी आरोप लगाया है। रणजीत ंिसह मोहिते पाटिल के चचेरे भाई धैर्यशील मोहिते पाटिल ने राकांपा (एसपी) उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और भाजपा के मौजूदा लोकसभा सदस्य के खिलाफ जीत हासिल की। भाजपा ने रंजीत मोहिते पाटिल से सात दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए ?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *