
दमिश्क/बेरूत. सीरिया के लिए संयुक्त राष्ट्र के दूत ने रविवार को राष्ट्रपति बशर असद के सत्ता से बेदखल होने के बाद पश्चिमी प्रतिबंधों को शीघ्र समाप्त करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति बशर असद के पतन के बाद देश के नये नेताओं, क्षेत्रीय और वैश्विक शक्तियों ने आगे की राह बनानी शुरू कर दी है.
वर्ष 2011 में शांतिपूर्ण सरकार विरोधी प्रदर्शनों के खिलाफ असद की क्रूर कार्रवाई के परिणामस्वरूप सीरिया को सालों से अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य देशों के सख्त प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है. ये विरोध-प्रदर्शन बाद में गृह युद्ध में तब्दील हो गए थे.
इस संघर्ष में लगभग पांच लाख लोग मारे गए और विस्थापन के कारण देश की युद्ध-पूर्व आबादी 2.3 करोड़ से घटकर आधी रह गई.
राजनीतिक समाधान के अभाव में सरकारी कब्जे वाले क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे और संपत्ति के पुर्निनर्माण को रोकने के उद्देश्य से लगाए गए प्रतिबंधों के कारण पुर्निनर्माण काफी हद तक बाधित हुआ.
संयुक्त राष्ट्र के दूत गीर पेडर्सन ने दमिश्क की यात्रा के दौरान संवाददाताओं से कहा, ”हमें उम्मीद है कि प्रतिबंधों का शीघ्र अंत होगा ताकि हम वास्तव में सीरिया के निर्माण के लिए एक एकजुटता देख सकें.” पेडर्सन ने इस्लामिक आतंकवादी समूह हयात तहरीर अल-शाम या एचटीएस के नेतृत्व में असद को उखाड़ फेंकने वाली पूर्व विपक्षी ताकतों द्वारा स्थापित नई अंतरिम सरकार के अधिकारियों से मिलने के लिए दमिश्क की यात्रा की. वाशिंगटन में अधिकारियों ने संकेत दिया है कि बाइडन प्रशासन समूह के ‘आतंकवादी दर्जे’ को हटाने पर विचार कर रहा है. अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शनिवार को कहा कि अधिकारी समूह के साथ सीधे संपर्क में हैं.
बशर असद के पतन के बाद पायी गईं उनकी तस्वीरें उपहास का विषय बनीं
सीरिया के राष्ट्रपति रहे बशर अल असद की विचित्र और व्यक्तिगत तस्वीरें उनके परित्यक्त आवासों से सामने आई हैं, जिसके लिये वे लोग उनका उपहास कर रहे हैं, जो उनके नेतृत्व की आलोचना करने के कारण हाल तक सताए जा रहे थे. दमिश्क और अलेप्पो की पहाड़ियों में स्थित असद की हवेली से मिले फोटो एलबम में कथित तौर पर मिली तस्वीरों में बशर और उनके पिता हाफिज असद का एक अप्रिय चित्र चित्रित किया गया है. हाफिज ने दशकों तक सीरिया पर क्रूर शासन किया था.
एक तस्वीर में हाफिज को केवल नेकर पहने हुए बॉडीबिल्डर जैसी मुद्रा में दिखाया गया है, एक अन्य तस्वीर में बशर को ‘बाइसेप्स’ (भुजा) का प्रदर्शन करते हुए दिखाया गया है. बशर अल असद की हवेली की बहुमूल्य चीजों को लोग उठा ले गए और उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी तस्वीरें भी सर्वजनिक कर दीं. असद की विभिन्न अवस्थाओं में कपड़े उतारकर अजीब परिदृश्यों में खिंचाई गई अशोभनीय तस्वीरें तेजी से वायरल हो गईं जिसका लोग मखौल उड़ा रहे हैं. पहाड़ी परिदृश्य में ली गई एक तस्वीर में बशर को लोगों के एक समूह के साथ चित्रित किया गया है, जिसमें उनके कथित मामा इहाब मख्लौफ भी शामिल हैं, जिन्होंने हिटलर की छवि वाली टी-शर्ट पहनी हुई है.
