छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने धान खरीदी केंद्र चलो अभियान की शुरुआत की है। जिसके तहत कांग्रेस नेता खरीदी केंद्रों में जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। बुधवार को पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि, कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में फैली अव्यवस्था, बारदानों की कमी तथा टोकन के लिये सरकार द्वारा जारी किये गये निर्देशों तथा मीलरों द्वारा धान का उठाव नहीं करने के कारण किसान परेशान है।
उन्होंने आगे कहा कि, सरकार धान खरीदी सुचारू रूप से चलाने का झूठा दावा कर रही है। सरकार किसानों को तथा समस्या उठाने वालों को धमकाने के बजाय कमियां दुरूस्त करें। धान खरीदी केन्द्रों में फैली अव्यवस्था और सरकार द्वारा जारी फरमान के कारण किसानों को धान बेचने में परेशानी हो रही है। सरकार दावा कर रही है कि, सभी किसानों का पूरा धान 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से खरीदा जायेगा। लेकिन जिस रफ्तार से धान खरीदी हो रही है। सरकार द्वारा घोषित लक्ष्य 160 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी होना असंभव है।
