
इंदौर:कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात की। इसके बाद वे भागीरथपुरा पहुंचे। जहां वे अव्यान के परिवार वालों से मिले। मासूम अव्यान की मौत दूषित पानी पीने से हुई थी।
संस्कार उद्यान में पीड़ित परिवारों से मिले राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी दूषित पानी से जान गंवाने वालों के घर पैदल चलकर गए। भागीरथपुरा की संकरी गलियों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा रखी है। इसके बाद संस्कार उद्यान में पीड़ित परिवारों से राहुल गांधी ने मुलाकात की है। कांग्रेस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवारों को डेढ़ लाख रुपये की मदद की जा रही है।
अव्यान के परिवार वालों से मिले राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भागीरथपुरा पहुंचकर अव्यान के परिवार वालों से मुलाकात की। इसके अलावा अन्य पीड़ित परिवारों से चर्चा की। उन्होंने भागीरथपुरा के रहवासियों से बातचीत करके घटना के बारे में जानकारी ली।
पीड़ितों से मिलने राहुल गांधी बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे
इंदौर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद राहुल गांधी सबसे पहले बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे हैं। यहां पर उनके साथ राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और सदन में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार भी मौजूद हैं।
