कर्नाटक: कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद के लेकर चल रही खींचतान के बीच शनिवार सुबह डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार नाश्ते के लिए सीएम सिद्धारमैया के आवास पर पहुंचे। बताया गया है कि यहां दोनों नेता सीएम पद पर चल रहे विवाद को लेकर चर्चा की। इसके बाद दोनों ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया। सीएम सिद्धारमैया ने इस दौरान कहा कि उनके और शिवकुमार के बीच कोई मतभेद नहीं है और भविष्य में भी कोई मतभेद नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यह हमारे प्रति फैलाई गई गलतफहमी थी, जिसके पीछे भाजपा थी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उनके बीच कर्नाटक में होने वाले 2028 के विधानसभा चुनाव पर चर्चा हुई।
दूसरी तरफ डीके शिवकुमार ने इस प्रेस वार्ता में कहा, “राज्य के लोग अपना पूरा समर्थन दे रहे हैं। हम अपने वादे के मुताबिक काम कर रहे हैं। हमें लोगों की इच्छाएं पूरी करनी हैं। हम उस दिशा में काम कर रहे हैं। हाईकमान जो भी कहेगा, हम उसे मानेंगे। पार्टी में कोई ग्रुप नहीं है। अभी भी हम मिलकर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जो भी कहा, मैं उनके साथ हूं। हम मिलकर काम कर रहे हैं।”
नाश्ते के दौरान एक्स पर किया था पोस्ट
इससे पहले कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने नाश्ते के दौरान एक्स पर पोस्ट कर कहा, “आज सुबह नाश्ते के लिए कावेरी रेजिडेंस पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से मुलाकात हुई। कर्नाटक की प्राथमिकताओं और आगे के रास्ते पर एक अच्छी चर्चा हुई।”
मुख्यमंत्री पद को लेकर खिंची थीं तलवारें
बता दें कि कांग्रेस आलाकमान ने सिद्धरमैया और डीके शिवकुमार के बीच जारी सियासी तनाव पर सख्त कदम उठाते हुए दोनों से जल्द से जल्द खुद इस मामले को सुलझाने को कहा है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व ने दोनों से अलग-अलग बात कर उन्हें मामला सुलझाने के लिए कहा। आलाकमान से आए फोन के बाद शनिवार को सिद्धरमैया ने शिवकुमार को सुबह के नाश्ते पर आमंत्रित किया था।
गृह मंत्री ने कही ये बात
कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा, “कोई डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाना चाहता है, कोई सिद्धारमैया को बनाए रखना चाहता है, और कोई मुझे सीएम बनाना चाहता है, और कोई किसी और को चाहता है। इसलिए आप लोगों की उम्मीदों को रोक नहीं सकते। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। मुझे नहीं लगता कि यह गलत है। यह हाई कमान पर निर्भर करता है। इन सभी घटनाओं पर हाई कमान की नजर जरूर होती है। वे इन घटनाक्रमों पर ध्यान देते हैं, और वे उन्हें सुलझा लेंगे।”
