नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया और कहा कि उनके जाने से एक युग का अंत हो गया है तथा उनकी विरासत कलाकारों की युवा पीढ़ी को हमेशा प्रेरित करती रहेगी. धर्मेंद्र ने सोमवार को मुंबई स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. वह 89 वर्ष के थे.
राष्ट्रपति मुर्मू ने उनके निधन पर दुख जताते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ” दिग्गज अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है. सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में शुमार धर्मेंद्र ने अपने दशकों लंबे शानदार करियर के दौरान कई यादगार फिल्में दीं. भारतीय सिनेमा की एक महान हस्ती के रूप में वह अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की युवा पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी.” उन्होंने कहा, ”उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना.” उप राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”पूर्व सांसद एवं दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है. लाखों लोगों के लिए एक आदर्श के रूप में उन्होंने अपने उल्लेखनीय अभिनय और कला के प्रति दृढ़ समर्पण के माध्यम से भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया.” प्रधानमंत्री मोदी ने धर्मेंद्र को एक प्रतिष्ठित फिल्मी शख्सियत और एक अद्भुत अभिनेता के रूप में याद करते हुए कहा कि उनके निधन से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया.
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है. वे एक प्रतिष्ठित फ.ल्मिी शख्सियत, एक अद्भुत अभिनेता थे जिन्होंने अपने हर किरदार में आकर्षण और गहराई पैदा की.” मोदी ने कहा कि जिस तरह से धर्मेन्द्र ने विविध भूमिकाएं निभाईं, उसने अनगिनत लोगों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी.
प्रधानमंत्री ने कहा, “धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी जाने जाते थे. इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं. ओम शांति.” गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि धर्मेंद्र ने अपनी फिल्मों के माध्यम से करोड़ों लोगों का दिल जीता तथा अपने अभिनय की बदौलत सदैव ”हमारे बीच रहेंगे.” शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”अपने बेहतरीन अभिनय से छह दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. एक सामान्य परिवार से आकर उन्होंने फिल्म जगत में अपनी अमिट पहचान बनाई.” उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र उन चुनिंदा अभिनेताओं में से एक रहे, जिन्होंने जिस किरदार को छुआ, वह जीवंत हो उठा और अपनी इसी कला के माध्यम से उन्होंने हर आयु-वर्ग के करोड़ों दर्शकों का दिल जीता.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर सोमवार को दुख जताया और कहा कि सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा. राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा.”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”भारतीय फ.ल्मि जगत ने आज एक बहुमूल्य सितारा खो दिया. मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे. 2012 में पद्मभूषण से सम्मानित, धर्मेंद्र ने दशकों तक सिनेमा प्रेमियों के दिलों पर राज किया और अपने अभूतपूर्व अभिनय व सादगीपूर्ण जीवन से एक गहरी छाप छोड़ी.” भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”प्रख्यात फ.ल्मि अभिनेता धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा और कला जगत के लिये अपूरणीय क्षति है. अपने प्रभावी अभिनय से सिनेमा प्रेमियों के दिलों पर उन्होंने अमिट छाप छोड़ी है. अपनी सादगी और जीवंत अभिनय से उन्होंने दशकों तक देश और दुनिया के कला प्रेमियों के दिलों पर राज किया.” पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा में उनका अतुलनीय योगदान पीढि.यों को प्रेरित करता रहेगा.
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन से गहरा दुख हुआ. भारतीय सिनेमा में उनका अतुलनीय योगदान पीढि.यों को प्रेरित करता रहेगा. उनके परिवार, बिरादरी, प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना. हेमा मालिनी जी, उनके बेटे और बेटियां अब उनकी समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाएंगे.” मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि वह अपने पीछे एक असाधारण विरासत छोड़ गए हैं जिसने भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया और लोगों को बड़े पर्दे पर कई यादगार पल दिए.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया और कहा, ”मेरी उम्र के आसपास के लोगों में शायद ही कोई हो, जिसने ‘शोले’ नहीं देखी होगी. मुझे ‘र्बिनंग ट्रेन’ और ‘शालीमार’ जैसी अन्य फिल्मों में उनकी भूमिका याद है. उनके निधन के बारे में जानकर मुझे दुख हुआ.” ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने धर्मेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनकी विरासत कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों की पीढि.यों को प्रेरित करती रहेगी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कई अन्य नेताओं ने धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया.
