फिल्म ‘आगरा’ को सिनेमाघरों में शो नहीं मिल रहे, दर्शक साथ दें: निर्माता कनु बहल

नयी दिल्ली. फिल्म निर्माता कनु बहल ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया पर एक नोट साझा किया और बताया कि समीक्षकों द्वारा प्रशंसित उनकी फिल्म ‘आगरा’ को इसलिए नहीं दिखाया जा रहा है क्योंकि ”छोटी फिल्में मल्टीप्लेक्स चेन प्रोग्रामिंग में फिट नहीं बैठतीं”. बहल और अतिका चौहान द्वारा लिखित यह फिल्म एक परिवार के भीतर यौन मुद्दों को दर्शाती है. यह शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई.

बहल ने ”मल्टीप्लेक्स चेन प्रोग्रामिंग” की व्यवस्था की आलोचना करते हुए कहा कि यह ”छोटी फिल्मों के बजाय बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को तरजीह देती है.” उन्होंने दर्शकों से अपने ‘एक्स’ पोस्ट पर शो की मांग करने का भी अनुरोध किया. बहल ने लिखा, ”फिल्म ‘आगरा’ पर अपडेट: हमें तथाकथित ‘बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों’ और छोटी फिल्मों के मल्टीप्लेक्स चेन प्रोग्रामिंग में फिट न होने के कारण शो नहीं दिए जा रहे हैं. अब यह आप दर्शकों पर निर्भर है! बोलें और चेन को टैग करें. कहें कि आप फिल्म देखना चाहते हैं.” उन्होंने कहा, ”बात फैलाओ. वरना यह यूं ही चलता रहेगा. और बिना सोच वाले ‘बचकाने सिनेमा’ के अलावा किसी और चीज. के लिए जगह ही नहीं बचेगी.”

इस फिल्म का विश्व प्रीमियर 2023 के कान फिल्म समारोह के एक स्वतंत्र खंड ‘डायरेक्टर्स फ.ोर्टनाइट’ में हुआ था. इसने कई सम्मान जीते, जिनमें जियो मामी मुंबई फिल्म समारोह में विशेष जूरी पुरस्कार, मेलबर्न के भारतीय फ.ल्मि समारोह में सर्वश्रेष्ठ इंडी फिल्म और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, और 2024 के न्यूयॉर्क भारतीय फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार शामिल है. सारेगामा इंडिया लिमिटेड, यूएफओ प्रोडक्शन और ओ28 फिल्म्स के बीच एक भारतीय-फ्रांसीसी परियोजना के तहत ‘आगरा’ बहल की दूसरी फिल्म है. इससे पहले उनकी फिल्म ‘तितली’ (2015) का प्रीमियर भी कान में हुआ था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *