
पुणे. पुणे शहर में मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग पर एक पुल पर बृहस्पतिवार को दो बड़े कंटेनर ट्रकों के बीच एक कार के फंस कर चकनाचूर हो जाने से छह लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि शाम को नवले पुल पर हुए हादसे में दस लोग घायल हो गए.
पुलिस उपायुक्त (जोन 1) संभाजी कदम ने बताया, ” प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक भारी कंटेनर ट्रक राजमार्ग पर मुंबई की ओर जा रहा था. जब यह पुल पर पहुंचा तो संभवतया ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने इस पर से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद यह वाहन आगे चल रहे एक अन्य बड़े कंटेनर से टकरा गया. इसबीच इन दोनों कंटेनरों के बीच चल रही एक कार बीच में फंस गई.” उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारण भीषण आग लग गई और वाहन उसकी चपेट में आ गए.
अधिकारी ने बताया, ”दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई और 10 से ज़्यादा घायल हो गए.” उन्होंने बताया कि शवों को मलबे से बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं और घायलों को अस्पताल ले जाया गया है. घटनास्थल का दौरा करने वाले नगर पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा, ”टक्कर के कारण आग लग गई.” दुर्घटना के बाद सामने आए वीडियो में, कार दो भारी वाहनों के बीच दबी हुई दिखाई दे रही है. दुर्घटना के बाद राजमार्ग के बेंगलुरु-मुंबई लेन पर यातायात रोक दिया गया और जलकर खाक हुए वाहनों को हटाने का काम जारी है.
