पाकिस्तान से फोन करने वाले ने मुझे धमकी दी: भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि पाकिस्तान से एक व्यक्ति ने फोन करने के बाद उन्हें (बम धमाके में) ‘उड़ाने’ की धमकी दी है. पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि उन्हें यह फोन मंगलवार को आया और इसी दिन शुभेंदु ने नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. उन्होंने कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय को विस्तृत जानकारी दे दी है.

शुभेंदु अधिकारी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”हाल ही में मुझे पाकिस्तान से फोन आया और धमकी दी गई.” एक ‘ऑडियो क्लिप’ भी व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है जिसमें एक आदमी टूटी-फूटी हिंदी में बोलता हुआ सुनाई दे रहा है: ”मैं पाकिस्तान से बोल रहा हूं… संभल के रहना, वरना उड़ा दिए जाओगे… भारत में कितने उड़ गए.” ‘पीटीआई-भाषा’ स्वतंत्र रूप से ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका.

हालांकि, फोन करने वाले का मोबाइल नंबर कथित तौर पर +966 से शुरू हो रहा था, जो सऊदी अरब का ‘कंट्री कोड’ है. भाषा विशेषज्ञों के अनुसार, फोन करने वाले की बोली पाकिस्तानी उर्दू-हिंदी से बिल्कुल मेल नहीं खाती और रुक-रुक कर बोलने का लहजा खाड़ी देशों में बांग्लादेशी प्रवासी मज़दूरों द्वारा बोली जाने वाली हिंदी से मिलती-जुलती है.

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ”यह राज्य आतंकवादियों के लिए सबसे सुरक्षित शरणस्थली बन गया है.” उन्होंने आरोप लगाया, ”यहां कोई विस्फोट नहीं होता क्योंकि चरमपंथी ताकतों का मानना ??है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में यह उनकी सबसे सुरक्षित पनाहगाह है. जबकि हमें ही धमकियां मिल रही हैं.” शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि बांग्लादेश से ऐसे संदेश आना ‘आम बात’ है. उन्होंने कहा, ”दो दिन पहले मुझे पाकिस्तान से फोन आया जिसमें मुझे धमकी दी गई. बांग्लादेश से मुझे रोज़ाना ऐसे फ़ोन आते हैं.” पश्चिम बंगाल सरकार ने अब तक आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *