अहमदाबाद से केमिकल मिला, फरीदाबाद से 350 किलो अमोनियम नाइट्रेट; बड़ी आतंकी साजिश का भंडाफोड़

नई दिल्ली: सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और सूझ-बूझ से देश में बड़ी आतंकी वारदात टल गईं हैं। एक तरफ गुजरात एटीएस ने देश में रसायनिक हमले की खतरनाक साजिश का भंडाफोड़ किया। वहीं जम्मू कश्मीर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए यूपी के सहारनपुर से एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया। अब उस डॉक्टर से जुड़े एक व्यक्ति के फरीदाबाद स्थित घर से 350 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद होने की खबर है। अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल विस्फोटक बनाने में किया जाता है। गौरतलब है कि दोनों ही मामलों में गिरफ्तार लोगों में मेडिसिन की पढ़ाई करने वाले डॉक्टर शामिल हैं।

गुजरात एटीएस ने विफल किया रसायनिक हमला

गुजरात एटीएस ने देश में एक खतरनाक रसायनिक हमले की साजिश का भंडाफोड़ करते हुए तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। आतंकी देश में रसायनिक हमले की साजिश रच रहे थे और इसके लिए खतरनाक जहर राइसिन को बनाने की कोशिश कर रहे थे। राइसिन का नाम, अंतरराष्ट्रीय रसायन और रसायनिक हथियारों की सूची में शामिल है। गुजरात एटीएस ने रविवार को कहा कि गिरफ्तार तीनों संदिग्धों का आतंकी कनेक्शन है। गिरफ्तार किए गए आतंकियों में से एक डॉक्टर है, जिसने चीन से मेडिकल की पढ़ाई की है।

आरोपियों की पहचान डॉ. अहमद मोहियुद्दीन सैयद (35 वर्षीय), हैदराबाद निवासी, आजाद सुलेमान शेख (20 वर्षीय) उत्तर प्रदेश के शामली का निवासी और सुहैल मोहम्मद सलीम खान (23 वर्षीय) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर का निवासी, के रूप में हुई है। एटीएस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, 30 जिंदा कारतूस, चार लीटर अरंडी का तेल बरामद किया है।

खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने बिछाया जाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुजरात एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी ने बताया कि ‘डिप्टी एसपी एल चौधरी को खुफिया सूचना मिली थी कि अहमद मोहियुद्दीन सैयद नाम का व्यक्ति जो भारत में आतंकी हमले की साजिश रच रहा है, वह अहमदाबाद पहुंचा है। सूचना के आधार पर एटीएस एसपी के सिद्धार्थ के नेतृत्व में अहमदाबाद-मेहसाणा रोड पर स्थित अदलाज टोल प्लाजा के पास एक कार से अहमद मोहियुद्दीन सैयद को पकड़ा गया। आरोपी के पास से दो ग्लोक पिस्टल, एक बेरेटा पिस्टल, कई लीटर अरंडी का तेल भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह देश में आतंकी हमला करने की साजिश रच रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *