
बेंगलुरु. कर्नाटक में विपक्षी भाजपा ने बुधवार को गन्ना किसानों के आंदोलन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए सरकार से उनकी उपज का मूल्य 3,500 रुपये प्रति टन तय करने की मांग की. वरिष्ठ भाजपा नेता और विपक्ष के नेता आर अशोक ने राहुल गांधी से पूछा, ”कर्नाटक के किसानों के लिए किसान न्याय कहां है?” उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार पर ”किसान विरोधी” होने का आरोप लगाया.
विभिन्न किसान संगठनों, विपक्षी भाजपा, छात्रों और अन्य लोगों ने किसानों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया, जो बेलगावी, बागलकोट, हावेरी जैसे उत्तरी कर्नाटक के कई जिलों में हो रहा है. मंगलवार को बेलगावी में प्रदर्शनकारी किसानों के साथ शामिल हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने रात भर जारी आंदोलन में हिस्सा लिया. किसान नेताओं ने विजयेंद्र को बधाई दी, जिनका बुधवार को जन्मदिन है.
अशोक ने पूछा, ”अगर राहुल गांधी का दिल सचमुच किसानों के लिए धड़कता है, तो वह उस समय चुप क्यों हैं जब कर्नाटक के गन्ना किसानों को लगातार छह दिन तक राजमार्ग अवरुद्ध करने के लिए मजबूर होना पड़ा है?” उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”करीब 26 चीनी मिल बंद हो गईं. सड़कें और राजमार्ग अवरुद्ध हो गए. बाजार, स्कूल और व्यवसाय बंद हो गए. किसान सरकार से बातचीत की गुहार लगा रहे हैं. लेकिन कांग्रेस आलाकमान बिहार में चुनाव प्रचार में व्यस्त है.”
