
नयी दिल्ली. मंगलवार को घोषित क्यूएस यूनिर्विसटी रैंकिंग के अनुसार एशिया के शीर्ष शिक्षण 100 संस्थानों में पांच भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु और दिल्ली विश्वविद्यालय शामिल हैं.
आईआईटी-दिल्ली, आईआईटी-मद्रास, आईआईटी-मुंबई, आईआईटी-कानपुर और आईआईटी-खड़गपुर शीर्ष 100 एशियाई संस्थानों की सूची में शामिल हैं.
लंदन स्थित ‘क्यूएस’ ने एक बयान में कहा, ”क्यूएस वर्ल्ड यूनिर्विसटी एशिया रैंकिंग में सात भारतीय संस्थान शीर्ष 100 में, 20 शीर्ष 200 में और 66 शीर्ष 500 में हैं.” उसने कहा कि पिछले साल की रैंकिंग की तुलना में 36 भारतीय संस्थानों में सुधार हुआ है, 16 समान रहे और 105 में गिरावट आई है. क्यूएस ने कहा, ”रैंकिंग का विस्तार इस वर्ष के परिणामों में देखी गई अधिक अस्थिरता से जुड़ा है.” इसमें कहा गया है, ”कुल मिलाकर, 41 भारतीय संस्थान विश्वविद्यालयों के शीर्ष 80 पर्सेंटाइल में शामिल हैं. पीएचडी र्किमयों के मामले में एशिया में भारत सर्वश्रेष्ठ स्थान पर है.” आईआईटी-दिल्ली इस वर्ष 59वें स्थान पर था. उसे लगातार पांचवें वर्ष सर्वश्रेष्ठ भारतीय संस्थान घोषित किया गया.
