झारखंड चुनाव गरीबों, युवाओं, हिंदुओं के गौरव के लिए है: हिमंत

रांची. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि झारखंड चुनाव गरीबों, युवाओं, महिलाओं और हिंदुओं के गौरव के लिए है. शर्मा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार पर 2019 के चुनावों के दौरान किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया.

शर्मा ने हजारीबाग जिले के मांडू में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी के बारे में बात करते रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी कल्पना सोरेन कहती हैं- ‘एक ही नारा, हेमंत दोबारा’. मैं पूछना चाहता हूं कि राज्य में युवाओं, महिलाओं और गरीबों की बात कौन करेगा. इस बार हेमंत ‘दोबारा’ नहीं बल्कि गरीब और युवा ‘दोबारा’ की बात होगी.” उन्होंने कहा, ”झारखंड का यह चुनाव गरीबों, महिलाओं और युवाओं के अलावा हिंदुओं के गौरव और सुरक्षा के लिए है. यह चुनाव झारखंड के साथ-साथ देश के विकास के लिए है.” शर्मा ने अपने वादों को कथित तौर पर पूरा नहीं करने के लिए हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने पांच लाख नौकरियां और बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था.

उन्होंने कहा, ”लेकिन सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया. अगर भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) सत्ता में आई तो हम 2.87 लाख सरकारी नौकरियां देंगे और रोजगार के पांच लाख अवसर पैदा करेंगे. हम स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के छात्रों को दो साल तक दो-दो हजार रुपये देंगे ताकि वे नौकरियों के लिए अपनी तैयारी कर सकें.” उन्होंने झारखंड में झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पर घुसपैठ को ”संरक्षण” देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ”बांग्लादेशी घुसपैठिए झारखंड में प्रवेश कर रहे हैं, वे आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे हैं और उनकी जमीनें हड़प रहे हैं. अगर भाजपा सत्ता में आई तो हम उन्हें झारखंड से बाहर निकाल देंगे.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *