राहुल गांधी को मातोश्री से तिजोरी लानी चाहिए थी, हो सकता था कि कुछ कीमती चीज मिल जाती: शिंदे

मुंबई. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा संवाददाता सम्मेलन में तिजोरी लाने पर कटाक्ष किया और कहा कि यदि तिजोरी शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बांद्रा स्थित आवास मातोश्री से लाई जाती तो राहुल गांधी को कोई कीमती चीज मिल जाती. गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक हैं तो सेफ हैं’ नारे पर पलटवार करते हुए सोमवार को मुंबई में संवाददाता सम्मेलन में तिजोरी साथ लाए थे.

गांधी ने मोदी के नारे और धारावी पुर्निवकास परियोजना को अदाणी समूह को दिए जाने के बीच संबंध होने का दावा करते हुए तिजोरी से दो पोस्टर निकाले, जिनमें से एक में उद्योगपति गौतम अदाणी और प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर थी , जिसके साथ लिखा था “एक हैं तो सुरक्षित हैं” जबकि दूसरी तस्वीर में धारावी परियोजना का नक्शा दिखाया गया था.

शिंदे ने कांग्रेस नेता और ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा, “राहुल गांधी की हरकत बचकाना है. उन्हें मातोश्री से तिजोरी लानी चाहिए थी. उन्हें शायद कुछ कीमती चीज मिल जाती.” धारावी पुर्निवकास परियोजना से केवल 60,000 लोगों को लाभ मिलने से संबंधित ठाकरे के दावे पर पलटवार करते हुए शिंदे ने कहा कि दुनिया के सबसे घने शहरी क्षेत्रों में से एक धारावी के व्यापक कायाकल्प से दो लाख लोगों को नए मकान मिलेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *